उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (16 दिसंबर, शुक्रवार पौष, कृष्ण पक्ष, अष्टमी, वि. सं. 2079)….कल यहाँ पासपोर्ट मेला का होगा आयोजन…

Ten

◆ पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने आज परिक्षेत्र और जनपद प्रभारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेसिंग कर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा कर अपराधियों पर अंकुश लगाने, प्रोफेशनल योग्यता बढ़ाने, जनता के हित में कार्य करने, और विशेष अभियान में तेज़ी लाने के निर्देश दिए।

◆ चंपावत में स्वच्छ भारत अभियान के तहत अर्धसैनिक बलों ने स्वच्छता पखवाड़ा मनाया। 15 दिसंबर तक आयोजित इस स्वच्छता पखवाड़े में सीमावर्ती क्षेत्रों में अर्धसैनिक बलों ने रैली निकाल कर ग्रामीणों के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किये।

◆ देहरादून में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत की स्मृति में स्मारक बनाया जायेगा। इस स्मारक में उनकी करीब 12 फीट लंबी मूर्ति लगेगी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत की स्मृति में निर्मित होने वाले स्मारक के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है।

◆ प्रदेश विधानसभा सचिवालय से बर्खास्त किए गए 228 कर्मियों के बर्खास्तगी फैसले को उच्चतम न्यायालय ने सही ठहराया है। कर्मियों की विशेष याचिका एसएलपी को उच्चतम न्यायालय के खंडपीठ ने निरस्त कर दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उच्चतम न्यायालय के इस फैसले का स्वागत किया।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में शहीद द्वार और स्मारकों के निर्माण कार्य अब सैनिक कल्याण विभाग के माध्यम से कराए जाएंगे। पहले यह संस्कृति विभाग के माध्यम से कराए जाते थे।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा है कि उत्तराखण्ड को 2025 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी आई.ए.एस. अधिकारियों को पूरी प्रशासनिक नेतृत्व क्षमता से कार्य करना होगा।

◆ पौड़ी जिले के श्रीनगर में सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने, पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे मुद्दों पर दो दिवसीय राज्यस्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पंचायतराज मंत्री सतपाल महाराज के साथ ही पांच जिलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

◆ राज्यपाल गुरमीत ने कहा है कि उत्तराखण्ड को वैलनेस और उन्नत आध्यात्मिक जीवनशैली के क्षेत्र में एक आयुर्वेद डेस्टिनेशन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद आज समय की मांग है, आयुर्वेद के सहयोग से हम आर्थिकी में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

◆ देहरादून स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में कल यानी 17 दिसंबर को पासपोर्ट मेला का आयोजन किया जाएगा। आवेदक सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणी के लिए अप्वाइंटमेंट बुक करा सकते हैं।

◆ मौसम विभाग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर देशभर में अन्य स्थानों और दिल्ली में शीत लहर की स्थिति नहीं है।