◆ आगामी 29 नवंबर से देहरादून में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने विधानसभा के अधिकारियों के संग बैठक कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
◆ चमोली जिले में जोशीमठ ब्लॉक के उर्गम पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त, 12 लोगों की मौत और 3 अन्य घायल हो गए हैं। घटनास्थल पर एसडीआरएफ और पुलिस टीम द्वारा सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।
◆ द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए आज सुबह विधि-विधान से बंद हो गये हैं। सुबह पुजारी शिवशंकर लिंग ने भगवान मद्महेश्वर की पूजा शुरू की तथा भगवान को भस्म, भृंगराज फूल, बाघांबर से ढक दिया। इस तरह भगवान मद्महेश्वर को समाधि रूप दिया गया।
◆ मुख्यमंत्री धामी ने चमोली के जोशीमठ तहसील के अन्तर्गत उर्गम पला जखोला मार्ग पर वाहन दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली से फोन पर बात कर तेजी से राहत व बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश भी दिए हैं।
◆ प्रदेश के सभी महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन अनिवार्य रूप से कराना होगा, इसके लिये सभी राजकीय और अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों को मार्च 2023 तक का समय दिया गया है। नैक एक्रिडिएशन न कराने वाले महाविद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टनकपुर में ‘मुख्य सेवक आपके द्वार’ के तहत स्थानीय जनता के साथ जन संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं से मिल रहे लाभ व उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
◆ देहरादून में वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आज से दो दिवसीय उत्तराखण्ड फर्स्ट इंडस्ट्री एकेडमिया कनेक्ट कॉन्क्लेव एंड एक्सपो की शुरुआत हुई। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने इस प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
◆ उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने वन क्षेत्राधिकारी (फॉरेस्ट रेंजर) भर्ती की मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी है। अब यह परीक्षा निर्धारित तिथि से 20 दिन बाद होगी।
◆ कुंभ मेला 2021 के दौरान कोविड जांच फर्जीवाड़े में निलंबित तत्कालीन कुंभ मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्जुन सिंह सेंगर और प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके त्यागी दोषी नहीं पाए गए। इनके बहाली के आदेश शासन ने दिए हैं।