उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (25 दिसंबर, द्वितीया, रविवार, पौष, शुक्ल पक्ष, दवातीय, वि. सं. 2079)

Ten

◆ देश आज पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रतन’ स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें याद कर रहा है। देहरादून में मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज सुशासन दिवस के अवसर पर देहरादून में उत्कृष्ट जिलाधिकारी पुरस्कार-2022 से पांच जिलाधिकारियों को सम्मानित किया।

◆ उत्कृष्ट जिलाधिकारी पुरस्कार से सम्मानित होने वाले जिलाधिकारी में हरिद्वार के जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डे, नैनीताल के जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, पौड़ी के जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान, रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना शामिल हैं।

◆ प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आज क्रिसमस का पर्व हर्षाेउल्‍लास से मनाया जा रहा है। ईसाई मत के लोग इस दिन ईसा मसीह का जन्म दिवस क्रिसमस के रूप में मनाते हैं। इस अवसर पर लोग अपने घरों को क्रिसमस ट्री और जगमगाते सितारों से सजाते हैं और एक दूसरे को उपहार देते हैं।

◆ 22 दिसंबर से चल रहा पुलिस मंथन सप्ताह रविवार को संपन्न हो गया। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि इस मंथन में पुलिस कल्याण के लिए कई फैसले लिए गए हैं। पुलिस के आधुनिकीकरण और स्मार्ट काम के लिए भी विभिन्न प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

◆ पुलिसकर्मियों को अब परिवार के सदस्यों के जन्मदिन और शादी की सालगिरह मनाने के लिए भी छुट्टी मिलेगी। डीजीपी अशोक कुमार ने इस छुट्टी को तत्काल मंजूर करने के निर्देश जारी किए हैं।

◆ मुख्यमंत्री धामी ने सुशासन दिवस के अवसर पर देहरादून में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता और सुशासन पुरस्कार से सम्मानित किया। कार्यक्रम में व्यक्तिगत श्रेणी में 07 और सामूहिक श्रेणी में 11 पुरस्कार दिये गये।

◆ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी और ट्रस्टी अनिल शर्मा सहित कई ट्रस्टियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि चंदे का निजी उपयोग करने के साथ ही रसीदों पर फोटो लगाकर धोखाधड़ी की जा रही है।

◆ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने की आशंका है। अगले दो दिन चमोली-पिथौरागढ़ समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और हिमपात हो सकता है। इसके साथ ही प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

◆ नेपाल की तरफ से एक महीने के भीतर 11वीं दफा उत्तराखंड बॉर्डर पर भारतीय नागरिकों पर पत्थरबाजी हुई है। पत्थरबाजी के बाद भड़के स्थानीय लोगों ने 28 दिसंबर से नेपाल के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है।