◆ राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु आज अपने दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच गयी हैं। राष्ट्रपति के उत्तराखंड आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।
◆ नैनीताल के जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में फरियादियों की जनता दरबार लगाकर जन समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में कुल 66 शिकायतें मिलीं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
◆ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक एवं उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की और उड़ान योजना के अंतर्गत पंतनगर से देहरादून की हवाई सेवा को फिर से शुरू करने का अनुरोध किया।
◆ खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल महाकुंभ-2022 की शुरुआत की। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सरकार ने शिक्षा के साथ खेलों में भी विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयत्न किया है।
◆ टिहरी शामबाल गंगा रेंज में ग्रामीणों के लिए आतंक बने नरभक्षी गुलदार को आज सुबह वन विभाग के शिकारी ने ढेर कर दिया। इस नरभक्षी गुलदार ने 26 नवम्बर को मदकोट गांव के 12 साल के एक बच्चे को निवाला बना लिया था। इससे पहले भी गुलदार कई ग्रामीणों पर हमला कर चुका था।
◆ हरिद्वार स्थित ईमलीखेड़ा-भगवानपुर बाईपास मार्ग एक वाहन दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।प्राप्त सूचना के अनुसार ग्राम बहलपुर से हरिद्वार की ओर आ रही दो पहिया वाहन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
◆ uksssc पेपर लीक मामले में एसटीएफ की कार्रवाई जारी है। एसटीएफ ने आज तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। इससे पहले मामले में 21 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
◆ रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि स्थित इंटर कॉलेज की नौवीं कक्षा की छात्रा अहिंसा रौतेला का चयन कबड्डी और अंडर-14 बालिका वर्ग बैटमिंटन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्रा 27 से 29 दिसंबर तक झारखंड के बोकारो में होने वाली कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
◆ आज भारत के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की पुण्य तिथि है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
● हरिद्वार के पिछले दो महाकुंभ, दो अर्ध कुंभ एवं इस दौरान आयोजित हुए सभी महत्वपूर्ण स्नानों में उत्तराखंड पुलिस अश्व यूनिट के ‘राजा’ द्वारा 20 वर्षों की बेहतरीन सेवाएं दी गईं। आज उसके देहांत पर राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई।