उत्तराखंड दुखद: टिहरी में तीर्थयात्रियों की बस हुई दुर्घटनाग्रस्त, 05 लोगों की मौत, सीएम ने जताया दुख

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में नरेंद्रनगर विकासखंड में कुंजापुरी मंदिर के पास भारत दर्शन की यात्रा पर आई यात्रियों की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

पांच लोगों की मौत

इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत दर्शन की यात्रा पर निकले यात्रियों की दो बसें मां कुंजापुरी मंदिर से दर्शन के बाद वापस लौट रही थी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से कुछ पहले ही मंदिर मार्ग पर एक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिसके कारण बस करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। मृतकों में चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। अन्य घायलों के रेस्क्यू में बचाव दल जुटे हुए हैं। हादसे के तीन घायल एम्स, 4 एसडीएच, 17 चुटैल हैं, कुल 29 सवारियां बस में थीं। एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार टिहरी- नरेन्द्रनगर क्षेत्रान्तर्गत कुंजापुरी-हिंडोलाखाल के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हुई। घायलों का रेस्क्यू जारी है। 

जताया शोक

इस हादसे में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “टिहरी के नरेंद्रनगर कुंजापुरी मंदिर के समीप हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”