उत्तराखंड दुखद: भारत-चीन सीमा पर पर देवभूमि का लाल शहीद, सीएम ने जताया शोक

उत्तराखंड का लाल देश सेवा करते हुए शहीद हो गया है। जिस पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है।

क्षेत्र और परिवार में शोक की लहर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के निरीक्षक चंद्र मोहन सिंह (55) भारत-चीन सीमा पर युद्ध क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग के दौरान शहीद हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक 25 जुलाई को एक विशेष सूचना पर निरीक्षक चंद्र मोहन सिंह अपने साथियों के साथ शॉर्ट-रेंज पेट्रोलिंग के दौरान LAC के पास भारत की अग्रिम चौकी से आगे करग्युपा नाला पार कर रहें थे। तब अस्थाई ब्रिज बनाकर और अपने साथियों को नाला क्रॉस कराते समय वह गिर गये और पानी के बहाव में बह गये। जिसके बाद 100 मीटर की दूरी पर भारत की अग्रिम चौकी के ITBP द्वारा उन्हें बचाया गया और पास के आर्मी अस्पताल सूमड़ो में भर्ती कराया गया। जहां पर ईलाज के दौरान वह शहीद हो गए।

सीएम ने जताया शोक

निरीक्षक चन्द्र मोहन (55 वर्ष) देहरादून में डोईवाला तहसील स्थित दुर्गा चौक, जौली ग्रांट के निवासी हैं। वह भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल में 1987 में बतौर कांस्टेबल (जीडी) के पद पर भर्ती हुए थे , वर्तमान में वे निरीक्षक (जीडी) के पद पर तैनात थे। उनके निधन पर सीएम ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।