उत्तराखंड दुखद: अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार समेत दो की मौत, एक घायल

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक सड़क हादसे में यूकेडी नेता की मौत हो गई।

ट्रक ने मारी टक्कर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऋषिकेश में बीते कल देर रात एक सड़क हादसा हो गया। नटराज चौक के पास भीषण दुर्घटना हुई। यूकेडी नेता व राज्य आंदोलनकारी त्रिवेंद्र सिंह पंवार समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात एक तेज रफ्तार सीमेंट से लदे ट्रक ने नटराज चौक के पास स्थित वेडिंग प्वाइंट के सामने खड़ी पांच गाडि़यों को टक्कर मार दी। जिसमें कई लोग चपेट में आ गए। वहीं इस हादसे में घायल यूकेडी के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष और संरक्षक राज्य आंदोलनकारी त्रिवेंद्र सिंह पंवार को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा एम्स लाए गए लालतप्पड़ निवासी गुरजीत सिंह को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।

दो लोगों की मौत

रिपोर्ट्स के मुताबिक नटराज चौक से लगभग 100 मीटर आगे एक वेडिंग प्वाइंट में भाजपा नेता भगत राम कोठारी के बेटे का रिसेप्शन था। इस फंक्शन में ऋषिकेश निवासी उत्तराखंड क्रांति दल के नेता त्रिवेंद्र सिंह पंवार (69), माजरी लालतप्पड़ निवासी गुरजीत सिंह (35) और रोहिणी दिल्ली निवासी जतिन भी शामिल होने गये थे। वहीं घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।