उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के रूद्रपुर में दिल्ली पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय डीपीएस वेटरन्स बैडमिंटन टूर्नामेंट शुरू हुआ।
आज होंगे फाइनल मुकाबले
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस टूर्नामेंट के पहले दिन कुल 96 मैच खेले गए। जिनमें कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। इस टूर्नामेंट में रुद्रपुर, नैनीताल, अल्मोड़ा, देहरादून, पिथौरागढ़ और चंपावत के 155 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। रविवार को टूर्नामेंट का उद्घाटन आईआरएस प्रिंसिपल कमिश्नर आयकर विभाग हल्द्वानी नरेंद्र सिंह जंगपांगी ने किया। इसके बाद मैच खेले गए। टूर्नामेंट में 35 प्लस, 40 प्लस, 45 प्लस, 50 प्लस, 55 प्लस और 60 प्लस आयु वर्गों में खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। पुरुष एकल 35 प्लस में कमलेश नेगी और कुमुद सैनी के बीच खेला गया। जिसमें कुमुद सैनी ने कमलेश नेगी को 15-9, 13-15, 15-12 से हराया। वहीं पुरुष एकल अंडर-50 में अशुतोष कुमार ने विकास सरकार को 11-15, 15-13, 15-12 से हराया। पुरुष युगल 50 प्लस में नरेंद्र सिंह जंगपांगी, त्रिलोक सिंह पंचाल का मुकाबला दीपक जोशी, गिरिश बिष्ट के बीच खेला गया। जिसमें नरेंद्र सिंह जंगपांगी, त्रिलोक सिंह पंचाल 15-9, 15-13 जीते। वहीं टूर्नामेंट के दूसरे दिन आज सोमवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।