उत्तराखंड: उत्तराखंड की द्वितीय राजभाषा संस्कृत को जनजीवन और सरकारी कार्यप्रणाली में अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।
इसके तहत विभाग के सभी कार्यालयों में अब हिंदी के साथ-साथ संस्कृत भाषा में भी नाम पट्टिकाएं (नेम प्लेट) और प्रमुख सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शासन के निर्देशों के अनुपालन में यह पहल शुरू की गई है। अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय के निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि विभागीय कार्यालयों के प्रमुख बोर्डों तथा अधिकारियों के नामों की पट्टिकाओं को संस्कृत में तैयार कराया जा रहा है। निदेशक सुशील कुमार ने जानकारी दी कि मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुपालन में संस्कृत शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल के अनुरोध पर यह कार्य शुरू किया गया है। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी के सचिव द्वारा कार्यालयों एवं अधिकारियों के नामों का शुद्ध संस्कृत अनुवाद उपलब्ध कराया गया है, जिसके आधार पर ये नई नाम पट्टिकाएं तैयार की जा रही हैं। विभाग के सभी कार्यालयों में संस्कृत नाम पट्टिकाएं स्थापित होने के बाद, उनकी जानकारी और फोटोग्राफ सहायक निदेशक, संस्कृत शिक्षा देहरादून को भेजे जाएंगे, ताकि शासन को इसकी प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराई जा सके।