उत्तराखंड: मौसम ने फिर बदली करवट, आज इन 04 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी होने से मौसम में बदलाव दिखा है। वहीं उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

सावधानी बरतने की सलाह

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने प्रदेश के चार पर्वतीय जिलों में उच्च जोखिम हिमस्खलन की चेतावनी के दृष्टिगत अलर्ट जारी किया है। शासन ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व पिथौरागढ़ समेत अन्य पर्वतीय जिलों के डीएमों को पत्र लिखकर विशेष सतर्कता व निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान, चंडीगढ़ ने शुक्रवार सुबह पांच बजे से लेकर शनिवार सुबह पांच बजे तक प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका जताई है। चेतावनी के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग एवं पिथौरागढ़ जनपदों को उच्च जोखिम की श्रेणी में रखा गया है। जबकि, बागेश्वर को मध्यम जोखिम क्षेत्र में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के चलते हिमस्खलन अथवा पुराने एवलांच के सक्रिय होने का खतरा बना हुआ है।