महिला की चाकू से वार कर की गई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने दस घंटे के भीतर सुलझाया। दरअसल रविवार शाम को धनौरी बावनदर्रा के पास एक महिला बेहद घायल अवस्था में थी मिली जिसके शरीर पर चाकू से वार कर किये गए थे। घायल महिला को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल रुड़की भेजने पर इलाज के दौरान चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किया गया।
पति को ढूंढने के लिए चलाया गया सघन चेकिंग अभियान
महिला संबंधी अपराधों के प्रति बेहद गंभीर एसएसपी अजय सिंह सूचना मिलते ही अन्य ऑफिसर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जहाँ जानकारी करने पर पता चला की महिला यहाँ अपने पति के साथ आयी थी पर पति के अचानक गायब हो जाने से एसएसपी सर के आदेश पर पूरे जनपद में देर रात तत्काल ही सभी थाना चौकी स्थित नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और आॉफ रुटों पर एक साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें स्वयं एसएसपी द्वारा चेकिंग की मॉनिटरिंग की गई।
पत्नी को चाकू मारकर और जान से मारने की नियत से गंगनहर में फेंका और मौके से फरार हुआ
हत्या की वजह खोजने में जुटी पुलिस टीम ने सभी जानकारियों को सिलसिलेवार एकत्र किया। जिस पर पुलिस को यह जानकारी मिली की आपसी मनमुटाव और रोज-रोज के झगड़ों के कारण अभियुक्त द्वारा अपनी पत्नी को तलाक दे दिया लेकिन वह अलग होने के एवज में उससे 3 लाख की मांग कर रही थी नहीं तो अंजाम भुगतने की धमकी दे रही थी। इसलिए अभियुक्त द्वारा बावनदर्रा धनौरी के पास मौका देख कर अपनी पत्नी को चाकू मारकर और जान से मारने की नियत से गंगनहर में फेंका और मौके से फरार हो गया।
पूर्व में शादीशुदा होने के बावजूद भी किया था निकाह
पूछताछ में आरोपित पति सुहैल ने बताया कि करीब पांच साल पहले सिडकुल क्षेत्र में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात तसगिरा उर्फ सकीना से हुई थी। प्रेम सम्बन्धों के चलते सुहैल ने अपने घर वालों की इजाजत के बिना सकीना से उसके पूर्व में शादीशुदा होने के बावजूद भी निकाह किया था।तीन बच्चे होने के बाद दोनों के बीच घर के खर्चों, आपसी मनमुटाव, सकीना का बार-बार निकाह से पहले अच्छी जिंदगी जीने की बात कहने और रोज-रोज के झगड़ों के कारण सुहैल ने सकीना को तलाक दे दिया। सकीना अलग होने के एवज में सुहैल से तीन लाख की मांग कर रही थी। रोज के लड़ाई झगड़े ज्यादा होने लगे थे। इस कारण सुहैल ने सकीना को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था। इस पर वह अपनी पत्नी सकीना को नौ माह की बेटी के साथ घुमाने के बहाने कलियर लेकर आया । कलियर के रास्तों की उसे जानकारी थी। सुहैल ने बावनदर्रा धनौरी के पास मौका देख कर अपनी पत्नी तसगिरा उर्फ सकीना की चाकू मारकर हत्या कर दी और नौ माह की बेटी को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक बरामद की।
कलियर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार
अभियुक्त को सत्यता के आधार पर गंगोह, सहारनपुर से लाकर पूर्ण जानकारी उपरांत अपराध पुष्ट होने पर कलियर थाना क्षेत्र से नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। फॉरेंसिक टीम द्वारा सावधानीपूर्वक साक्ष्य एकत्रित किए गये।