उत्तराखंड की जलविद्युत परियोजना को केंद्र से मिली मंजूरी, सीएम ने विकास की दिशा में बताया एक ऐतिहासिक कदम

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में गौरीगंगा नदी पर प्रस्तावित 120 मेगावाट क्षमता की सिरकारी भ्योल रूपसियाबगड जल विद्युत परियोजना को केंद्र की मंजूरी मिल गई है।

इस परियोजना को मंजूरी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वन सलाहकार समिति ने सोमवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में गौरीगंगा नदी पर सिरकरी भ्योल रूपसियाबाग जलविद्युत परियोजना को मंजूरी दी। इस संबंध में अधिकारियों ने कहा कि नई दिल्ली में इंदिरा पर्यावरण भवन में आयोजित बैठक के दौरान परियोजना के लिए 29.997 हेक्टेयर वन भूमि को मोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।इस परियोजना को पर्यावरण संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बताया कि उत्तराखंड की बिजली की मांग को पूरा करने और राज्य के ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में इस परियोजना की अहम भूमिका होने की उम्मीद है।

सीएम ने पीएम का जताया आभार

जिस पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे राज्य के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही कहा कि इस परियोजना से स्थानीय रोजगार और बुनियादी ढांचे को समर्थन मिलेगा, जिससे पलायन को रोकने में मदद होगी। कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।