उत्तरकाशी: जिले के दूरस्थ मोरी तहसील क्षेत्र के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण आग लगने से भारी नुकसान की आशंका है। इस अग्निकांड में गांव के करीब 30 परिवारों के मकान जलकर खाक होने की सूचना मिल रही है।
आग से भारी नुकसान
जानकारी के अनुसार इस घटना के बाद से प्रभावित परिवारों के सामने सिर छिपाने और भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 55 से 60 किलोमीटर दूर स्थित पवाणी गांव में अचानक एक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के करीब 30 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी के बर्तनों और अन्य संसाधनों से आग बुझाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे वे बेबस नजर आए। इस हादसे में घरों के भीतर रखा सारा सामान और खाद्यान्न सामग्री भी जलकर नष्ट हो गई है।
दुर्गम रास्ता बना बाधा
घटना की सूचना मिलते ही जिला और तहसील प्रशासन हरकत में आ गया। प्रशासन ने तत्काल मोरी तहसील की राजस्व टीम, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया। हालांकि, मोरी मुख्यालय से पवाणी गांव की दूरी लगभग 60 किलोमीटर होने के कारण राहत टीमों को वहां पहुंचने में समय लग रहा है।
प्रशासन का बयान
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की स्पष्ट सूचना प्राप्त नहीं हुई है। रेस्क्यू टीमों के घटनास्थल पर पहुंचने और स्थिति का जायजा लेने के बाद ही नुकसान का सटीक आकलन हो सकेगा। प्रशासन लगातार बचाव दलों के संपर्क में है और पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।