उत्तरकाशी: महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण: पुलिस के ‘अभया अभियान’ से मजबूत हो रही बेटियां, स्कूलों में लगाए ‘स्पीक अप बॉक्स’, होगा समस्याओं का समाधान

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने एक नई और प्रभावी पहल की है।

पुलिस की पहल

जिस पर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में “जागृत नारी, सशक्त नारी” की थीम पर ‘अभया अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस छात्राओं और महिलाओं को न केवल सुरक्षा व आत्मरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है, बल्कि उनकी समस्याएं सुनने और त्वरित समाधान के लिए स्कूल-कॉलेजों में ‘स्पीक अप बॉक्स’ भी स्थापित कर रही है। जिसमें थाना स्तर पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों (पुलिस दीदी) ने एक-एक विद्यालय और संस्थान को गोद लिया है। ये ‘पुलिस दीदी’ हर महीने अपने गोद लिए संस्थानों में जाकर छात्राओं से सीधा संवाद करती हैं, उनकी समस्याएं सुनती हैं और उन्हें अधिकारों व कानूनों के प्रति जागरूक कर रही हैं।

स्कूलों में बॉक्स खोलकर जानी समस्याएं

हाल ही में पुलिस टीम ने जिला मुख्यालय स्थित ऋषिराम शिक्षण संस्थान, मसीह दिलासा स्कूल, आदिशंकराचार्य शिक्षण संस्थान और महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में लगे ‘स्पीक अप बॉक्स’ को खोलकर जांच की। इस दौरान पुलिस ने छात्राओं से बातचीत की और उन्हें पॉक्सो एक्ट, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, आंतरिक शिकायत समिति (ICC) और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं अब तक 179 कार्यक्रमों के जरिए 19,000+ छात्राओं को जागरूक किया गया। इसके अलावा 11 विद्यालयों की 1,730 छात्राओं को सेल्फ-डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई।‌ 38 महिला पुलिसकर्मियों ने 40 बालिका विद्यालयों/महाविद्यालयों को गोद लिया। 30 विद्यालयों में शिकायत सह परामर्श बॉक्स स्थापित किए जा चुके हैं। बाल हितधारक विभागों के साथ मिलकर 3 कार्यक्रमों में 1,600 छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसे विषयों पर शिक्षित किया गया।