राफ्टिंग में आए दिन नए-नए विवाद भी सामने आते रहते हैं। इस बार फिर पर्यटकों के बीच हो रही मारपीट का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गंगा की लहरों में तैर रही दो राफ्टों में सवार पर्यटक व गाइड एक दूसरे पर चप्पू से हमला कर रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर के पर्यटक थे सवार
यह वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है। राफ्टिंग कारोबार से जुड़े गाइड की माने तो यह किसी राफ्ट गाइड ने अपने गो प्रो कैमरे से शूट किया है। बताया जा रहा है कि इन राफ्टों में दिल्ली-एनसीआर के पर्यटक सवार थे। इन राफ्टों के गाइड के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी, जिस पर पहले गाइड ने एक-दूसरे पर चप्पू से हमला किया और बाद में पर्यटक भी एक-दूसरे पर हमला करने लगे।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे इस वीडियो के बाद पुलिस वीडियो की हकीकत जानने में जुट गई है।