उत्तराखंड: सेल्फी ने ले ली युवक की जान, खाई में गिरकर मौत

प्रदेश के ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग  ओर तोटाघाटी में रविवार सुबह 7 बजे एक युवक की पहाड़ पर सेल्फी लेते समय पैर फिसल जाने से गहरी खाई में गिरकर मृत्यु हो गयी।

सेल्फी लेते हुए संतुलन खोकर खाई में गिरा युवक

सूत्रों के मुताबिक 29 वर्षीय मृतक मिंटू पुत्र दिलीप मंडल निवासी प्रह्लादपुर दिल्ली कैंट अपने दो दोस्तों के साथ दिल्ली से केदारनाथ की तरफ जा रहे थे। रविवार की सुबह लगभग 7 बजे तीनों दोस्त तोटाघाटी में टॉयलेट करने के लिए उतरे और उतरने के बाद दोनों दोस्त सड़क से ऊपर की तरफ गये जबकि मिंटू सड़क से नीचे की तरफ जाकर वादियों के साथ सेल्फी लेने लगा। सेल्फी लेते हुए बारिश के कारण फिसलन वाली जमीन पर पैर पड़ते ही मिंटू अपना संतुलन खोकर 150 मीटर गहरी खाई में चट्टानों के बीच जा गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने परिजनों को दी घटना की सूचना

जानकारी मिलने पर देवप्रयाग से एसएसआई अनिरुद्ध मैठाणी तुरंत पुलिस व एसडीआरएफ की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। एसडीआरएफ और पुलिस ने काफ़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से निकाला । घटनास्थल की जांच व मृतक के दोस्तों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी ।