◆ शीतलहर और कोविड-19 महामारी की चौथी लहर की संभावना को देखते हुए कुमाऊं मंडल में डॉक्टरों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि अवकाश की आवश्यकता होने पर डाक्टर जिलाधिकारी की अनुमति से अवकाश स्वीकृत करा सकते हैं।
◆ टिहरी झील में “वाटर स्पोर्ट्स कप” का शुभारंभ – केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा कि टिहरी में विश्वस्तरीय क्याकिंग कैनोइंग अकादमी की स्थापना की जाएगी।
◆ खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने आज देहरादून के पवेलियन मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान खेल मंत्री ने कहा कि बच्चों का खेल के प्रति झुकाव बेहद हर्ष की बात है।
◆ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नैनीताल जिले के काठगोदाम में कोविड-19 से बचाव और तैयारियों को लेकर जिले के स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की।
◆ देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान में पिछले कुछ दिनों से गुलदारों के बिचरण को देखते हुए संस्थान को आगंतुकों के लिए 29 दिसम्बर से 15 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। संस्थान की ओर से कहा गया है कि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
◆ प्रदेश में शीतलहर का दौर जारी है। उधर मौसम विभाग ने प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों विशेषकर हरिद्वार और उधमसिंह नगर में अगले 48 घंटे के लिए शीतलहर और कोहरा छाये रहने की संभावना को देखते हुए ऑरेज अलर्ट जारी किया है।
◆ शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थलीसैंण विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की जन्मभूमि पीठसैंण मासौं में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस विद्यालयी छात्रावास का शिलान्यास किया।
◆ उत्तराखंड लोक सेवा आयोगः 32 परीक्षाओं के लिए कैलेंडर ज़ारी -5700 रिक्त पदों के लिए जारी होंगे विज्ञापन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2023 में 32 परीक्षाओं के लिए कैलेंडर जारी कर दिया है। यह परीक्षाएं 8 जनवरी से शुरू होंगी।
◆ बागेश्वर में युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित एक दिवसीय युवा महोत्सव, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में तीन विकास खंडों की 15 टीमों ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
◆ उत्तराखण्ड पुलिस के SI अभिसूचना श्री अदित्य रावत व Ct. अभिसूचना श्री सुधीर कुमार को गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘असाधारण आसूचना कुशलता पदक’ से सम्मानित किये जाने की घोषणा की गयी है।