उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज (30 जून, गुरुवार, आषाढ़ शुक्ल पक्ष, प्रतिपदा, वि. सं. 2079)

Ten

◆ देश के साथ ही प्रदेश में भी आज रात से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लग जाएगा। इसी कड़ी में चमोली में भी 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायगी।

◆ 7 फरवरी 2021 को रैणी आपदा के बाद आज भी टनल से शवों के मिलने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को इंटेक टनल में मलबे की सफाई के दौरान एक मानव शव बरामद हुआ है।

◆ उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों में बारिश के कारण हुए भूस्खलन में अब तक 4 लोगों की मृत्यु और 9 घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं प्रदेश के गढ़वाल और कुमाऊं मण्डल मे बारिश के चलते कई राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण संपर्क मार्ग अवरूद्ध हो गए हैं।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में सरकार के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ‘100 दिन विकास के, समर्पण और प्रयास के’ विकास पुस्तक का विमोचन किया।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे होने पर देहरादून स्थित चीड़बाग शौर्य स्थल पर माल्यार्पण कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे।

◆ मुख्यमंत्री धामी ने आज प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर लाभार्थियों को सम्मानित किया, कहा- सरकार के सभी विभागों ने 100 दिन के अपने-अपने लक्ष्यों को पूरा करने का काम किया है।
सरकार के सौ दिन पूरे होने के मौके पर सीएम धामी ने ‘बेस्ट बने उत्तराखंड अपना’ पर आधारित ‘हमरो पहाड़’ का टाइटल सॉन्ग रिलीज किया।

◆ मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने अधिकारियों को केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि केदारनाथ में चल रहे सभी कार्य सुचारू रूप से चलते रहें। जिसके लिए मुख्य सचिव ने आवश्यक सामग्री और स्किल्ड-अनस्किल्ड लेबर की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

◆ मुख्य सचिव एस.एस. संधु ने State Level NCORD की बैठक में कहा कि गरीब बच्चों के लिए नशा मुक्ति के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

◆ पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महाराष्ट्र के विधायकों को सौ-सौ करोड़ रुपये में खरीदा है। उन्होंने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। देश उसके इस कुचक्र को समझ रहा है।

◆ रुड़की में चलती कार में मां-बेटी से सामूहिक दुष्कर्म के पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त कार और बाइक भी पुलिस ने बरामद की है।

◆ विधानसभा अध्यक्ष रित खंडूड़ी भूषण ने आज सिगड्डी-कोटद्वार-रामनगर बस सेवा का पुनः शुभारंभ कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस सेवा कोरोना काल में बंद कर दी गई थी।