दुनियाभर के देशों की नजर सूडान पर बनी हुई है। सरकार के मुताबिक सूडान में इस वक्त 3 हजार भारतीय हिंसा प्रभावित इलाकों में फंसे हुए हैं। भारत भी अपने नागरिकों को सूडान से निकालने के विकल्पों की तलाश कर रहा है। भारतीय वायुसेना के दो विमान सूडान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए जेद्दाह में तैयार खड़े हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि आईएनएस सुमेधा भी सूडान के बंदरगाह पर पहुंच गया है।
सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगा उपयोग
मंत्रालय ने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं, लेकिन इनका उपयोग सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगा, जो खारतूम में विभिन्न स्थानों पर जबर्दस्त लडाई की खबरों के बीच अस्थिर बनी हुई है। सूडान का वायु क्षेत्र सभी विदेशी विमानों के लिए बंद है और जमीनी मार्ग से पहुंचने में भी जोखिम है।
सरकार सूडान में फंसे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कर रही प्रयास
सरकार सूडान में फंसे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास कर रही है और वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विदेश मंत्रालय सूडान से भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए विभिन्न पक्षों के साथ समन्वय कर रहा है। सूडान में भारतीय दूतावास भी संयुक्त राष्ट्र, सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और अमरीका के साथ नियमित सम्पर्क में है।