‘योग महोत्सव-2022’ का आगाज़, आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने योग महोत्‍सव का किया उद्घाटन

इस वर्ष भी मंत्रालय औपचारिक रूप से 13 मार्च 2022 को एक पूर्वावलोकन के साथ 8वीं आईडीवाई की यात्रा की दिशा में 100 दिनों की उलटी गिनती की शुरुआत को चिन्हित कर रहा है। आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज योग महोत्‍सव-2022 का उद्घाटन किया। इसका आयोजन दिल्‍ली स्थित मोरारजी देसाई योग संस्‍थान ने किया है। इसका उद्देश्‍य स्‍वास्‍थ्‍य, आरोग्‍य और विश्‍व शांति के लिए मनाये जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से एक सौ दिन पहले योग के विभिन्‍न पहलुओं का प्रचार करना है। संस्‍थान ने इस आयोजन के साथ सौ दिन का एक अभियान शुरू किया है जिसके अंतर्गत विश्‍व के सौ शहरों और सौ संगठनों को कवर किया जाएगा।

योग महोत्सव का उद्देश्य

इस आयोजन का उद्देश्य योग के विभिन्न आयामों और इसकी उपयोगिता को व्यापक रूप प्रचारित और प्रसारित करना है। साथ ही स्वास्थ्य, कल्याण और विश्व शांति के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2022 के लिए 100 दिनों के उलटी गिनती अभियान को बढ़ावा देना भी है।

उद्घाटन समारोह में श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल , सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, केंद्रीय विदेश तथा संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, आयुष राज्‍य मंत्री डॉ मुंजपारा महेंद्रभाई और ऋषिकेष के परमार्थ निकेलन के स्‍वामी चिदानंद सरस्वती उपस्थित थे।

अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस 2015 से मनाया जा रहा है

2015 से ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ की शुरुआत से ही आयुष मंत्रालय का मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के समारोह के बारे में जनता को जागरूक करने के लिए पहले से ही योग महोत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन करता रहा है।