23 जुलाई: आज है सावन माह की मासिक शिवरात्रि, भोलेनाथ की पूजा अर्चना से पूरी होंगी मनोकामनाएं, देखें पूजा का शुभ मुहूर्त

आज 23 जुलाई 2025 है। आज मासिक शिवरात्रि है। साल में पड़ने वाली महाशिवरात्रि की तरह हर माह में आने वाली मासिक शिवरात्रि का भी विशेष महत्व होता है। हिंदू धर्म में मासिक शिवरात्रि को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। वहीं, सावन मास की शिवरात्रि भी खास होती है, जिसे श्रावण शिवरात्रि के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू ग्रंथों के अनुसार, फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को भगवान शिव ज्योतिर्लिंग रूप में प्रकट हुए थे। इसलिए हर महीने की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना की जाती है। इस बार सावन की शिवरात्रि 23 जुलाई 2025, बुधवार को मनाई जाएगी।

जानें शुभ मुहूर्त

हिंदू पंचांग के अनुसार सावन माह की शिवरात्रि कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाएगी। सावन शिवरात्रि तिथि की शुरुआत 23 जुलाई को सुबह 4 बजकर 39 मिनट पर शुरू होगी। इसका समापन 24 जुलाई को अर्धरात्रि में 2 बजकर 24 मिनट पर होगा।
पूजन का समय शाम 7 बजकर 26 मिनट से लेकर रात 10 बजकर 6 मिनट तक रहेगा।

जानें पूजन विधि

आज मासिक शिवरात्रि के दिन सुबह स्नान करें। उसके बाद सफेद वस्त्र धारण करके शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और ‘ऊं नम: शिवाय’ का जाप करें। शिव पुराण में, मासिक शिवरात्रि में चारों पहर में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने का विधान है। सुबह गंगाजल से, दोपहर में दूध से, शाम को दही और रात में शहद और गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। इस दिन व्रत करने वालों को शिव पुराण या शिवाष्टक का पाठ अवश्य करे। पूजा का समापन शिव आरती के साथ करें।