29 जुलाई: सावन के महीने में नाग पंचमी आज, यह रहेगा शुभ मुहूर्त व जानें पूजन विधि

आज 29 जुलाई 2025 है। आज नाग पंचमी है। नाग पंचमी हिन्दू धर्म का एक विशेष और आस्था से जुड़ा पर्व है, जो श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। सावन के महीने में नाग पंचमी का पर्व बेहद उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन नाग देवता की पूजा-अर्चना और व्रत करने का विधान है। नाग पंचमी के अवसर पर नाग देवता की पूजा करते हैं और उनके आराध्य भगवान शिव की भी पूजा करते हैं।

जानें शुभ मुहूर्त

नाग पंचमी 2025 का त्योहार 29 जुलाई मंगलवार को मनाया जाएगा। श्रावण शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि 28 जुलाई की रात 11:24 बजे से शुरू होकर 30 जुलाई की रात 12:46 बजे समाप्त होगी। चूंकि तिथि का निर्धारण उदय काल से होता है, इसलिए पंचमी तिथि का उदय 29 जुलाई को होगा। इसलिए नाग पंचमी का व्रत और पूजा इसी दिन की जाएगी।

जानें पूजन विधि

नाग पंचमी के देव आठ देव माने गए हैं। इस दिन में अनन्त, वासुकि, पद्म, महापद्म, तक्षक, कुलीर, कर्कट और शंख नामक अष्टनागों की उपासना की जाती है। नाग पंचमी से एक दिन पहले चतुर्थी के दिन एक बार भोजन करें तथा पंचमी के दिन उपवास करके शाम को भोजन करना चाहिए। पूजा करने के लिए नाग चित्र या मिटटी की सर्प मूर्ति को लकड़ी की चौकी के ऊपर स्थान दिया जाता है। फिर हल्दी, रोली (लाल सिंदूर), चावल और फूल चढ़कर नाग देवता की पूजा की जाती है। उसके बाद कच्चा दूध, घी, चीनी मिलाकर लकड़ी के पट्टे पर बैठे सर्प देवता को अर्पित किया जाता है। पूजन करने के बाद सर्प देवता की आरती उतारी जाती है। सुविधा की दृष्टि से किसी सपेरे को कुछ दक्षिणा देकर यह दूध सर्प को पिला सकते हैं। अंत में नाग पंचमी की कथा अवश्य सुननी चाहिए।