31 अगस्त: आज है कजरी तीज, भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा-अर्चना करने का विशेष महत्व, यह रहेगा शुभ मुहूर्त

आज 31 अगस्त 2026 है। आज कजरी तीज है। हिंदू पंचांग के अनुसार भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि पर कजरी तीज का पर्व मनाया जाता है। इस शुभ अवसर पर भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा-अर्चना करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन में सभी सुखों की प्राप्ति होती है। संतान प्राप्ति के लिए भी इस व्रत को किया जाता है। इस बार 31 अगस्त सोमवार को कजरी तीज है. महिलाएं पति की लंबी आयु, अखंड सौभाग्य, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना से इस दिन व्रत रखती हैं।

जानें शुभ मुहूर्त

हिंदू पंचांग के अनुसार, कजरी तीज भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। जो रक्षाबंधन के तीन दिन बाद और कृष्ण जन्माष्टमी से पांच दिन पहले आती है।‌ भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि 30 अगस्त रविवार को सुबह 9 बजकर 36 मिनट पर शुरू होगी। यह तिथि 31 अगस्त सोमवार को सुबह 8 बजकर 50 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार, कजरी तीज का व्रत 31 अगस्त को ही माना जाएगा।

जानें पूजन विधि

आज महिलाएं सुबह स्नान करके साफ या नए वस्त्र पहनें और व्रत का संकल्प लें। परंपरा के अनुसार, मिट्टी और गोबर से तालाब जैसी आकृति बनाई जाती है। उसके पास नीम की डाली रखकर नीमड़ी माता की पूजा की जाती है। इसके बाद भगवान शिव और माता पार्वती का विधिवत पूजन करें। रोली, अक्षत, मेहंदी, फल-फूल, मिठाई और सुहाग की सामग्री अर्पित करें। कुछ क्षेत्रों में सत्तू का भोग भी लगाया जाता है। आरती और प्रार्थना के साथ पूजा संपन्न करें।