बड़ी खबर: संभल में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने किया कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के संभल जिले में कल्कि धाम मंदिर की आधारशिला रखी। यह संभल ही नहीं बल्कि देश और दुनिया में सनातन को माानने वाले करोड़ों लोगों के लिए खास और खुशी का दिन है। यूपी के संभल के एंकरा इलाके में भव्य कल्कि मंदिर बनने जा रहा है। इस मंदिर का निर्माण श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट कर रहा है, जिसके अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम हैं।

पीएम ने कल्कि धाम मंदिर का किया भूमि पूजन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने कल्कि धाम मंदिर का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन अनुष्ठान समाप्त होने के बाद पीएम मोदी मंच पर पहुंचे, तो श्री कल्कि धाम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम और स्वामी अवधेशानंद गिरि ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इस कार्यक्रम में आने और कल्कि धाम का शिलान्यास करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। पीएम मोदी संभल में कई योजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।

कलियुग में भगवान कल्कि संभल की धरती पर होंगे अवतरित- आचार्य प्रमोद कृष्णम

इस दौरान आचार्य प्रमोद कृष्णम ने स्वागत भाषण में कहा कि हमारे धर्मग्रंथों में लिखा है, जब जब अधर्म और पाप अपने चरम पर पहुंचा, तब तब अधर्मियों का नाश करने और धर्म की पुर्नस्थापना करने के लिए भगवान ने अवतार लिया है। उन्होंने कहा कि त्रेता में भगवान राम ने अयोध्या में, द्वापर में भगवान कृष्ण ने मथुरा में जन्म लिया। अब कलियुग में भगवान कल्कि संभल की धरती पर अवतरित होंगे।

इस मंदिर में एक नहीं 10 गर्भगृह होंगे

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मंदिर का निर्माण भी राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित बंशी पहाड़पुर के गुलाबी पत्थरों से किया जा रहा है जिससे सोमनाथ मंदिर और अयोध्या के राम मंदिर का निर्माण किया गया है। इस मंदिर का शिखर 108 फीट ऊंचा होगा। इस मंदिर में एक नहीं 10 गर्भगृह होंगे। बताया है कि भगवान विष्णु के 10 अवतारों के 10 अलग-अलग गर्भगृह स्थापित किए जाएंगे। श्री कल्कि धाम मंदिर परिसर पांच एकड़ में बनकर तैयार होगा, जिसमें 5 वर्ष का समय लगेगा।