24 मई: आज है ज्येष्ठ माह का पहला प्रदोष व्रत, नोट कर लें शुभ मुहूर्त व‌ पूजन विधि

आज 24 मई 2025 है। आज ज्येष्ठ माह का पहला प्रदोष व्रत है। इस दिन शिव की विधिपूर्वक पूजा और व्रत करने का विधान है। एक महीने में 2 प्रदोष व्रत होते हैं। इस दिन सुबह से शाम तक व्रत किया जाता है और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद व्रत का पारण किया जाता है। इस दिन भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा-अर्चना संध्याकाल में करने का विधान है।

जानें शुभ मुहूर्त

हिंदू पंचांग के अनुसार, ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 24 मई को सुबह 07 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगी। 25 मई को दोपहर 03 बजकर 51 मिनट पर त्रयोदशी तिथि का समापन होगा। ऐसे में ज्येष्ठ माह का पहला प्रदोष व्रत 24 मई को किया जाएगा।
इस दिन शिव जी की पूजा-अर्चना करने का शुभ मुहूर्त 07 बजकर 20 मिनट से 09 बजकर 13 मिनट तक है।

जानें पूजन विधि

आज प्रदोष व्रत पर सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि एवं नित्यकर्मों से निवृत्त हो जाएं। घर के मंदिर को साफ कर भगवान शिव के समक्ष दीपक लगाएं। शिवलिंग का पंचामृत से अभिषेक करें। शिवलिंग पर चंदन, बेलपत्र, और पुष्‍प अर्पित करें। अंत में भोलेनाथ की आरती करें। पूजा के दौरान शिव चालीसा का पाठ जरूर करें।