आज 11 जून 2025 है। आज कबीरदास जयंती है। हर वर्ष ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा तिथि पर कबीर जयंती मनाई जाती है। इस साल 11 जून को कबीर जयंती है। कबीर दास की जन्म तिथि के बारे में सत्य जानकारी उपलब्ध नहीं है। इतिहासकारों की मानें तो मगहर के महान संत कबीर दास का जन्म सन 1398 को ज्येष्ठ पूर्णिमा तिथि पर हुआ था।
जानें कब शुरू होगी ज्येष्ठ पूर्णिमा तिथि
हिंदू पंचांग के अनुसार, ज्येष्ठ पूर्णिमा तिथि 10 जून 2025 को सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर शुरू होगी। जिसका समापन 11 जून को 1 बजकर 13 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार पर्व मनाया जाता है। ऐसे में 11 जून को ही संत कबीरदास जयंती मनाई जाएगी।
वाराणसी में हुआ था जन्म
संत कबीरदास जी 15वीं सदी के एक महान कवि, समाज सुधारक और संत थे। कबीरदास का जन्म लहरतारा, वाराणसी में हुआ था। उन्होंने अपने दोहों और पदों के माध्यम से समाज में व्याप्त आडंबरों, पाखंडों और भेदभाव का खंडन किया। उन्होंने एकता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। कबीरदास जी ने मूर्ति पूजा, तीर्थ यात्रा और कर्मकांडों का विरोध किया और सीधे ईश्वर के प्रति समर्पण पर जोर दिया। उनका मानना था कि ईश्वर एक है और उसे किसी भी रूप में पूजा जा सकता है। अपने जीवनकाल में कबीर दास ने कई रचनाएं की हैं। इन रचनाओं में जीवन जीने का उद्देश्य निहित है।