उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित मनसा देवी मंदिर में बीते रविवार को भगदड़ मच गई। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। कई घायल हो गए।
दिए यह निर्देश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना पर उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया। जिसके बाद सोमवार को सीएम ने सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों हरिद्वार स्थित मनसा देवी, चंडी देवी मंदिर, टनकपुर स्थित पूर्णागिरि धाम, नैनीताल के कैंची धाम, अल्मोड़ा के जागेश्वर मंदिर, पौड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर सहित अन्य प्रसिद्ध मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
दोनों मंडलों के आयुक्तों की अध्यक्षता में एक समिति का गठन
सीएम ने इन मंदिरों में भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालु पंजीकरण, पैदल मार्गों और सीढ़ियों का चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन अनुभव प्राप्त हो। सीएम ने निर्देश दिए कि दोनों मंडलों के आयुक्तों की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाए। इस समिति में संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, एसएसपी, विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष, एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाए।