अल्मोड़ा: हॉट मिक्स प्लांट कंपनी के मैनेजर को धमकाकर मांगी रंगदारी, दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले के दन्या थाने में हॉट मिक्स प्लांट कंपनी के मैनेजर से रंगदारी मांगने और उन्हें धमकाने का मामला सामने आया है।

पुलिस में दी तहरीर

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के मुताबिक ग्रीन फील्ड्स कॉलोनी, अमरनगर फरीदाबाद, हरियाणा निवासी मार्क अभिजीत शौकीन ने दन्या थाने में एक तहरीर सौंपी। जिसमें उन्होंने बताया कि वह नयालधूरा दन्या स्थित दिनेश चन्द्र पाटनी हॉट मिक्स प्लांट में सुपरवाइजर है। जबकि उत्तम धामी मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उन्होंने बताया पिथौरागढ़ निवासी धीरेन्द्र रौतेला ने 21 नवंबर को उत्तम को पिथौरागढ़ बुलाया और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही धमकाया कि रंगदारी नहीं दी तो वह हॉट मिक्स प्लांट नहीं चलने देगा। 22 नवंबर मध्यरात्रि वह और उत्तम धामी हॉट मिक्स प्लाट पर पहुंचे। इस दौरान अभियुक्त देवेन्द्र मेहता और धीरेन्द्र रौतेला अपने अन्य एक साथी के साथ वहां आ पंहुचे और गाली गलौज की। समझाने पर धीरेन्द्र रौतेला ने कहा कि मुझपर हत्या के प्रयास का मुकदमा चल रहा है। अगर एक लाख रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे। सुपरवाइजर ने पुलिस को मामले की वीडियो भी उपलब्ध कराई है। साथ ही अभियुक्तों पर कार्रवाई के साथ सुरक्षा की गुहार लगाई है।

जांच शुरू

इस मामले में कंपनी के सुपरवाइजर की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।