नैनीताल: जंगल में चारा लेने गई महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद, बाघ या गुलदार, हमलावर की तलाश तेज

नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के अंतर्गत जून इस्टेट में बीते सोमवार को सुबह चारा लेने गई बुजुर्ग महिला का शव बीते कल मंगलवार को बरामद हुआ है।

लोगों में दहशत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार सुबह वार्ड नंबर छह, जून स्टेट निवासी राजेंद्र प्रसाद की पत्नी 60 वर्षीय गंगा देवी जानवरों के लिए चारा लेने समीप के जंगल में गई थी। देर रात तक वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्च आपरेशन चलाया लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। महिला का शव जंगल में क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ है। इस घटना से हड़कंप मच गया है। महिला के हाथ-पैर खाए होने और गले में दांतों के गहरे घाव के आधार पर वन्यजीव के हमले में मौत की आशंका है। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश है। वन विभाग हमलावर के बाघ या गुलदार होने की जांच कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से गांव के आसपास गुलदार घूमता दिखाई दे रहा था। क्षेत्र में दो महीनों के भीतर चार महिलाएं वन्यजीवों का शिकार हो चुकी हैं।