अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में 18 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर कर्मचारियों ने आज शनिवार को नगर के गांधी पार्क में सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
सौंपा ज्ञापन
इस मौके पर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बनैर तले नगर के मालरोड स्थित गांधी पार्क में आयोजित धरना प्रदर्शन के बाद सभा में वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से मांग के बावजूद कर्मचारी समस्याओं से जूझ रहे हैं। कई बार सरकार की ओर से आश्वासन भी दिए गए, लेकिन इसके बाद भी कोई अब तक कोई भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। जिससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है। कहा कि कर्मचारियों को गोल्डन कार्ड व वेतन विसंगति को लेकर भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दी यह चेतावनी
साथ ही चेतावनी दी कि जल्द मांग पूरी नहीं की गई तो समस्त कर्मचारी आगामी 21 फरवरी को देहरादून में प्रदेश स्तरीय धरना देगें। वहीं, 22 फरवरी से 31 मार्च तक विधायकों के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजेंगे। 13 मार्च को देहरादून में परेड ग्राउंड से सचिवालय तक जुलूस निकाला जाएगा।
इन मांगों के निराकरण की मांग
सेवाकाल में तीन पदोन्नति प्राप्त न कर सकने पर 10, 16 व 26 साल की सेवा के बाद एसीपी के तहत पदोन्नत वेतनमान देने, गोल्डन कार्ड की विसंगति दूर करने, वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति में शिथिलीकरण, पुरानी पेंशन लागू करने, केंद्र की भांति मकान किराया भत्ता देने, वाहन भत्ते में बढ़ोत्तरी करने समेत 18 सूत्रीय समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई।
रहे मौजूद
इस मौके पर जिलाध्यक्ष उमापति पांडे, महामंत्री मोहन नेगी, संरक्षक केएन कांडपाल, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमोठी, प्रांतीय संरक्षक रमेश कनवाल, शीतल सिंह सत्यपाल, दलीप भंडारी, भास्कर जोशी, यशवन्त बिष्ट, वंदना कड़ाकोटी, नरदेश्वर, हरीश बिष्ट, मुकेश पुनेठा, दिनेश लाल साह, बीना बिष्ट, पंकज सुनौरी, चंदन बिष्ट, ओम प्रकाश देवाल, बची राम, हिमांशु जोशी, रुचि मेहता, हरिहर मेहता, अनीता रावत, प्रमोद जोशी, सूरज पाटनी, रियासत अली, नीरज सनवाल, मनीष रावत, भूपाल सिंह, दीपक बिष्ट, हर्षिता पांडे, पंकज रौतेला, सतीश पांडे समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।