अल्मोड़ा: किसी की जान जाने के बाद जागेगी सरकार, क्या केवल हादसों के लिए ही छोड़ी गई हैं क्वारब की सड़क- भुवन चन्द्र जोशी

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। क्वारब की पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने एक बार फिर सरकार की घोर लापरवाही को उजागर कर दिया है। यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि यह मार्ग लंबे समय से भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी सरकार ने अब तक कोई स्थायी और ठोस समाधान नहीं किया।

जनता की जान खतरे में, मंत्री सम्मेलन और मंचों में व्यस्त

स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्रीय मंत्री और सरकार के जिम्मेदार नेता सम्मेलनों, भाषणों और दिखावटी आयोजनों में व्यस्त हैं, जबकि ज़मीनी हकीकत में आम जनता की जान रोज़ खतरे में डाली जा रही है। “यह शासन नहीं, संवेदनहीनता है” – भुवन चन्द्र जोशी
आम आदमी पार्टी के नेता भुवन चन्द्र जोशी ने इस घटना पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा—
“क्वारब में बार-बार हो रही दुर्घटनाएं सरकार की आपराधिक लापरवाही का परिणाम हैं। जनता की जान जोखिम में डालकर भाजपा सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त है। यह शासन नहीं, बल्कि जनता के साथ क्रूर मज़ाक है।” उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण निर्दोष लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

सीधी और सख़्त मांग

भुवन चन्द्र जोशी ने सरकार से तत्काल निम्न मांगें कीं—
घायल युवक को निःशुल्क एवं समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाए। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। क्वारब क्षेत्र में तुरंत भू-वैज्ञानिक सर्वे कराकर स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं। लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

कहा- चुप नहीं बैठेगा विपक्ष, सड़क पर उतरेगा जनआक्रोश

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी सहित विपक्षी दल और आम जनता मिलकर जन आंदोलन छेड़ने को मजबूर होंगे।