अल्मोड़ा: त्योहार पर्व‌ के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण, खाद्य के 07 नमूनों को जांच को भेजा

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि राज्य आयुक्त, उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा आज मासी, चौखुटिया एवं द्वारहाट क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

किया जागरूक

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे समस्त खाद्य पदार्थ केवल पक्के बिल/कैश मेमो के आधार पर ही क्रय-विक्रय करें। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों, लाइसेंस/पंजीकरण प्रदर्शित करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण एवं निर्माण तिथि/अवधि समाप्ति तिथि का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। टीम द्वारा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई एवं आवश्यक सावधानियों के पालन हेतु जागरूक किया गया।

जारी रहेगा अभियान

इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा संदेह के आधार पर घी, पनीर, सॉस एवं नमकीन आदि खाद्य पदार्थों के कुल 07 नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच हेतु उत्तराखंड खाद्य एवं औषधि विश्लेषक संस्थान प्रेषित किया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।