अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक और अल्मोड़ा निवासी दीवान कनवाल के निधन पर हवालबाग विकासखंड सभागार में आयोजित शोकसभा में गहरा शोक व्यक्त किया गया।
जताया शोक
इस दौरान वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि दीवान कनवाल की मधुर आवाज और पहाड़ की खुशबू से भरे गीत हमेशा लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे। उन्होंने अपने संगीत के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति और लोकगीतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनका अचानक निधन संगीत और कला जगत के लिए बड़ी क्षति बताया गया। शोकसभा में कहा गया कि रंगमंच और कला के प्रति उनका समर्पण तथा नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देने की उनकी भावना सदैव प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने अपने अभिनय और व्यक्तित्व से न केवल मंच को समृद्ध किया, बल्कि अनेक कलाकारों को आगे बढ़ने की राह भी दिखाई। उनकी सादगी, मुस्कान और कला के प्रति समर्पण हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेगा। सभा में ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
रहें मौजूद
शोक व्यक्त करने वालों में ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, बीडीओ एसएस दरियाल, एबीडीओ प्रमेन्द्र पांडे, रमेश कनवाल, प्रमुख प्रतिनिधि भरत भूषण कुंडू, प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, सुंदर मटियानी, राहुल खोलिया, पंकज रौतेला, मनोहर सिंह भाकुनी, रश्मि सुप्याल, दिनेश शाह आदि सहित कई प्रधान, संगठन पदाधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा विकासखंड के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।