अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन, जनपद अल्मोड़ा ने चारधाम यात्रा ड्यूटी के आवंटन में व्याप्त अनियमितताओं और पिछले वर्ष के बकाया भुगतान को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।
सौंपा ज्ञापन
आज मंगलवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा और व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष देवेन्द्र दोसाद और जिला सचिव महेन्द्र बिष्ट ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा ड्यूटी का वितरण अत्यंत दोषपूर्ण और पक्षपातपूर्ण है। उन्होंने कहा कई लैब टेक्नीशियनों की ड्यूटी एक ही सत्र में 2 से 3 बार लगा दी गई है। पहाड़ों की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में एक ही कर्मचारी का बार-बार दुर्गम क्षेत्रों की लंबी यात्रा करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।अधिकारियों द्वारा किया जा रहा यह मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर्मचारियों के मनोबल को तोड़ रहा है।
प्रमुख माँगें और सुधार के सुझाव
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने विभाग के सम्मुख निम्नलिखित मुख्य माँगें रखी हैं:
• न्यायसंगत आवंटन: जिन कर्मियों की बार-बार ड्यूटी लगाई गई है, उसे तुरंत संशोधित किया जाए और अन्य जनपदों के कर्मियों को भी अवसर दिया जाए।
• जनपद परिवर्तन: इस वर्ष अल्मोड़ा जनपद के कर्मियों को रुद्रप्रयाग के स्थान पर चमोली आवंटित किया जाए।
• लंबित भुगतान का निपटारा: पिछले वर्ष का टी.ए./डी.ए. (TA/DA) भुगतान अभी तक नहीं हुआ है, जिससे अल्प वेतनभोगी कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। विभाग अविलंब पुराने बकाये का भुगतान करे।
• समय सीमा का निर्धारण: वर्तमान वर्ष की ड्यूटी का भुगतान कार्य समाप्ति के अधिकतम 2-3 महीने के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
जिला प्रवक्ता विनोद बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि विभाग ने इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया और ड्यूटी चार्ट में सुधार नहीं हुआ, तो समस्त लैब टेक्नीशियन कार्य बहिष्कार और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
रहें उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान के.डी. तिवारी, एन.के. सकलानी, प्रमोद जोशी सहित संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।