लोहाघाट के मल्ला ढेक में ‘जस्टिस ऑफ गोल्ज्यू’ की शूटिंग शुरू, आस्था और न्याय की दिखेगी झलक

लोहाघाट (चंपावत): देवभूमि की अटूट आस्था के केंद्र भगवान गोलू देवता की न्याय परंपरा अब बड़े पर्दे पर नजर आएगी। लोहाघाट के मल्ला ढेक गांव में हिंदी फिल्म ‘अर्जियां: जस्टिस ऑफ गोल्ज्यू’ की शूटिंग का विधिवत शुभारंभ हो गया है। एन मलिक एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बन रही इस फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्य लोहाघाट और चम्पावत की विभिन्न लोकेशंस पर फिल्माए जाएंगे।

न्याय के देवता पर आधारित यह फिल्म

​फिल्म के निर्देशक राकेश मधुसूदन ने बताया कि यह फिल्म गोलू देवता की पौराणिक न्याय परंपरा और उनसे जुड़ी जन-आस्थाओं पर केंद्रित है। फिल्म के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुंबई और स्विट्जरलैंड से पहुंची तकनीकी टीम

​शूटिंग के लिए विशेष रूप से मुंबई से तकनीकी टीम लोहाघाट पहुंची है। फिल्म में स्विट्जरलैंड से आए सुमित मलिक फिल्म में लीड रोल निभा रहे हैं। फिल्म में अल्मोड़ा की संयुक्ता धामी सहित प्रेम सिंह रावत, दर्शन सिंह रावत, सोनू शुक्ला, उमेश भारद्वाज और सूरज जैसे कलाकार अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे।‌छायांकन (Cinematography) का जिम्मा डीओपी त्रिलोक चौधरी के पास है, जबकि मेकअप आर्टिस्ट के रूप में प्रिया भंडारी कार्य कर रही हैं। प्रियांशु सिंह ढेक सहायक निर्देशक की भूमिका में हैं।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

​स्थानीय लोगों में फिल्म की शूटिंग को लेकर भारी उत्साह है। माना जा रहा है कि इस फिल्म के रिलीज होने के बाद चम्पावत और लोहाघाट के पर्यटन क्षेत्रों को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्राप्त होगा।