अल्मोड़ा: ‘रीप’ परियोजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, 80 कार्मिक कर रहे प्रतिभाग

​अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जनपद में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज़ हुआ। नगर के एक स्थानीय होटल में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी के दिशा-निर्देशन में परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास विभाग) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

नवनियुक्त कार्मिकों को दी जा रही ट्रेनिंग

​जिला परियोजना प्रबंधक (ग्रामोत्थान) राजेश मठपाल ने बताया कि यह विशेष प्रशिक्षण एनआरएलएम (NRLM) द्वारा गठित और ‘रीप’ द्वारा अंगीकृत क्लस्टरों के नवनियुक्त कार्मिकों के लिए आयोजित किया गया है। इसमें चौखुटिया, भिक्यासैंण, सल्ट, स्याल्दे एवं ताकुला विकासखण्डों के सीएलएफ (CLF) कार्मिकों सहित लगभग 80 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

अंतिम छोर तक पहुँचाएँ विकास की लहर: एन. तिवारी

​परियोजना निदेशक एन. तिवारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्मिकों का मुख्य लक्ष्य समूह की महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों की जनता तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाना होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और मनोयोग से करें। योजनाओं का लाभ उन जरूरतमंदों तक पहुँचना सुनिश्चित करें जो कतार के अंतिम छोर पर हैं।

तकनीकी सत्र और बाजार व्यवस्था पर चर्चा

​प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।‌ सहायक प्रबंधक (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण) ने पीपीटी के माध्यम से परियोजना की रूपरेखा रखी। सहायक प्रबंधक (वैल्यू चेन) ने विभिन्न व्यावसायिक कड़ियों और उनके संचालन पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना, बाजार व्यवस्था और लाभ कमाने के तरीकों के बारे में प्रशिक्षित किया गया।

रहें उपस्थित

समापन सत्र में परियोजना निदेशक ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को कार्यों को समयबद्ध तरीके से और जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में यंग प्रोफेशनल्स, सहायक प्रबंधक और विभिन्न विकासखण्डों के एम एंड ई (M&E) कार्मिक भी उपस्थित रहे।