उत्तराखंड में महावीर जयंती की छुट्टी में हुआ बदलाव, अब 31 मार्च की जगह इस दिन रहेगा सार्वजनिक अवकाश

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने महावीर जयंती के अवसर पर घोषित सार्वजनिक अवकाश की तिथि में बड़ा बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी ताजा विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश में अब 30 मार्च 2026 (सोमवार) को महावीर जयंती का सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

विज्ञप्ति जारी

महावीर जयंती का अवकाश अब 30 मार्च 2026 को होगा। पूर्व में घोषित तिथि 31 मार्च 2026 को अब सभी सरकारी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

क्यों हुआ बदलाव?

शासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में 24 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना के क्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। जनहित और पर्व की सही तिथि को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश उत्तराखंड के सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक निकायों पर लागू होगा। शासन ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को इस बदलाव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।