हल्द्वानी: उत्तराखंड सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार को हल्द्वानी के खंड विकास कार्यालय सभागार में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश सरकार के पिछले चार वर्षों को विकास और उपलब्धियों से भरा कालखंड करार दिया।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लगा मेला
इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ स्थानीय लोगों के प्रमाण पत्र बनाने के साथ-साथ उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया। कैबिनेट मंत्री ने स्वयं सभी स्टॉल्स का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
अपने संबोधन के दौरान रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान और स्वरोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का मूल उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुँचाना है।
इस अवसर पर विकास की दिशा में कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। वहीं निशा जोशी, इंदिरा आर्या, ममता भट्ट समेत 6 पात्र महिलाओं को किट प्रदान की गई। ‘रीप’ (REAP) परियोजना के तहत महिला उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
2047 के विकसित भारत का संकल्प मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य साल 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में उत्तराखंड की ओर से अधिकतम योगदान सुनिश्चित करना है।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर मेयर गजराज बिष्ट, राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, रेनू अधिकारी, दीपक मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, मुख्य विकास अधिकारी रविंद्र पांडे, भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रविंद्र बाली आदि उपस्थित रहे।