अल्मोड़ा: जिला सैनिक कल्याण बोर्ड में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, दी यह जानकारी

अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में आज जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास बोर्ड, अल्मोड़ा में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

जागरूकता शिविर का आयोजन

यह कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव, शचि शर्मा ने केंद्र का निरीक्षण किया और उपस्थित पूर्व सैनिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। शिविर का औपचारिक शुभारंभ नालसा (NALSA) के थीम गीत “एक मुठ्ठी आसमान” के साथ किया गया, जिसने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।

पूर्व सैनिकों के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं

​शिविर के दौरान सचिव सुश्री शचि शर्मा ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिसमें नालसा वीर परिवार सहायता योजना के तहत शहीद सैनिकों के परिवारों और पूर्व सैनिकों को मिलने वाली कानूनी मदद के बारे में विस्तार से बताया गया। आर्थिक रूप से कमजोर या पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही आपातकालीन कानूनी सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर की जानकारी साझा की गई।

​बांटे पंपलेट

​कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पूर्व सैनिकों को कानूनी जानकारियों से युक्त पंपलेट वितरित किए गए ताकि वे भविष्य में भी इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर ‘अधिकार मित्र’ भी मौजूद रहे, जिन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर सैनिकों की समस्याओं को सुना और परामर्श दिया।