उत्तराखंड: पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और वैश्विक अस्थिरता के कारण गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसे देखते हुए सरकार और गैस कंपनियों ने बुकिंग के अंतराल में वृद्धि कर दी है।
हुआ यह बदलाव
जिन घरों में एक कनेक्शन पर दो सिलिंडर हैं, उन्हें अब अगली बुकिंग के लिए 25 दिन के बजाय 35 दिन का इंतजार करना होगा। जिनके पास केवल एक सिलिंडर है, वे पूर्व की तरह 25 दिन बाद बुकिंग कर सकेंगे।वहीं उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले कनेक्शनों के लिए बुकिंग की अवधि बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी बुकिंग का अंतराल 45 दिन तय किया गया है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह फिलहाल 25 दिन है।
15 सिलिंडर का कोटा खत्म होने पर क्या होगा?
नियमों के अनुसार, एक वित्तीय वर्ष में 12 सिलिंडर सब्सिडी के साथ और कुल 15 सिलिंडर देने का प्रावधान है। यदि कोई उपभोक्ता 15 का कोटा पूरा कर लेता है, तो उसे अतिरिक्त सिलिंडर के लिए गैस एजेंसी में एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें निम्नलिखित जानकारियां देनी होंगी।
• परिवार में सदस्यों की संख्या।
• घर पर आने वाले मेहमानों का विवरण।
• क्या घर पर कोई शादी, भंडारा या विशेष आयोजन है?
• अतिरिक्त सिलिंडर मांगने की ठोस वजह। यह फॉर्म कंपनी को भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलने पर ही अतिरिक्त सिलिंडर दिया जाएगा।