अल्मोड़ा: एसएसपी ने जांची पुलिस बल की फिटनेस, नव-नियुक्त रिक्रूट्स को दिया अनुशासन का मंत्र

अल्मोड़ा: पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक दक्षता को बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने परेड का निरीक्षण कर जवानों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से सुदृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया।

खुद दौड़ लगाकर जवानों में भरा जोश

​निरीक्षण के बाद एसएसपी ने केवल निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि स्वयं पुलिस बल के साथ दौड़ लगाकर जवानों के सामने फिटनेस का उदाहरण पेश किया। परेड के दौरान निम्नलिखित अभ्यास कराए गए। जिसमें दौड़ और तेज चाल का प्रदर्शन, शस्त्र अभ्यास, स्क्वाड ड्रिल और मंच से सलामी व बलवा ड्रिल, वेपन हैंडलिंग और विभिन्न शस्त्रों व कारतूसों के प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।

86 नए रिक्रूट्स का हुआ स्वागत

​पुलिस विभाग में शामिल हुए 86 नव-नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों के लिए यह पहली परेड थी, जहाँ उनका भारी उत्साह देखने को मिला। एसएसपी ने सभी नए जवानों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि एक आदर्श पुलिसकर्मी बनने के लिए अनुशासन और फिटनेस ही मूल मंत्र है।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा

​परेड के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील निर्माण कार्यों को लेकर प्रतिसार निरीक्षक (RI) को आवश्यक निर्देश दिए। नए जवानों के रहने के लिए बैरक और उनके भोजन (मेस) की व्यवस्थाओं को परखा।संबंधित अधिकारियों को परिसर में उच्च स्तरीय व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि
पुलिस बल की मजबूती उनकी शारीरिक दक्षता और अनुशासन पर टिकी होती है। नए जवानों को सेवा की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

रहे उपस्थित

​इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (CO) अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र, थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक, थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील सिंह बिष्ट, एसएसआई रानीखेत बिशन लाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।