पिथौरागढ़: उत्तराखंड के प्रसिद्ध जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मेले का उद्घाटन और जनसभा संबोधित करने के ठीक बाद, मेला समिति अध्यक्ष एवं धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी और उनके समर्थकों पर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, नारेबाजी और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगा है।
मुकदमा दर्ज
जिस पर इस मामले में पुलिस ने विधायक समेत 6 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी और उनके समर्थक—राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू—तथा अन्य व्यक्तियों पर अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने और नारेबाजी करने का आरोप है। आरोप है कि इस दौरान मौके पर तोड़फोड़ भी की गई। जब वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने और संबंधित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, तो भीड़ ने पुलिसर्किमयों के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे आधिकारिक और सरकारी कामकाज में भारी बाधा उत्पन्न हुई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जौलजीबी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। विधायक हरीश सिंह धामी और 5 अन्य नामजद समर्थकों सहित अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़क धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
• धारा 121(1) (लोक सेवक को उसके कर्तव्य से विरत करने के लिए स्वेच्छा से चोट या उपहति पहुँचाना)
• धारा 132 (लोक सेवक को कर्तव्य पालन से रोकने के लिए आपराधिक बल का प्रयोग)
• धारा 191(2) (दंगा करना)
• धारा 324(3) (शरारत या तोड़फोड़ से नुकसान पहुंचाना)
• धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान करना)
पुलिस का पक्ष
पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। घटना स्थल पर मौजूद साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचनात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।