उत्तराखंड: उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे और धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर मुहर लगा दी है।
इन परियोजनाओं पर मुहर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के विकास से लेकर चारधाम यात्रियों की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक निगरानी केंद्र बनाने तक, करोड़ों के बजट को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत उत्तरी हर की पौड़ी के कायाकल्प के लिए सरकार ने 66.34 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। इस बजट से निम्नलिखित कार्य किए जाएंगे।
• घाटों का मजबूतीकरण और विस्तार किया जाएगा।
• आधुनिक वाकवे, हाई-टेक लाइटिंग, साइनेज, स्वच्छ पेयजल और आधुनिक शौचालयों का निर्माण।
• भीड़ नियंत्रण के लिए बेहतर तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना।
• गंगा तट पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के विशेष उपाय।
चारधाम यात्रियों के लिए ‘स्मार्ट’ निगरानी केंद्र
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राजधानी देहरादून में ‘चारधाम निगरानी व आपात प्रतिक्रिया केंद्र’ स्थापित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने 357.84 लाख रुपये मंजूर किए हैं। यह केंद्र यात्रियों की सुरक्षा और रियल-टाइम ट्रैफिक प्रबंधन करेगा। साथ ही आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा ग्रामीण विकास को गति देते हुए 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों पर पंचायती राज संस्थाओं को 133.68 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।