अल्मोड़ा: 12 दिवसीय धूप-अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण का समापन, ग्रामीणों को दिए प्रमाण पत्र

अल्मोड़ा: भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), हवालबाग द्वारा आयोजित 12 दिवसीय धूप-अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार, 28 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक समापन हो गया।

प्रशिक्षण का समापन

इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मनरेगा श्रमिकों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस कार्यक्रम में उन अकुशल श्रमिकों को प्राथमिकता दी गई, जिन्होंने मनरेगा के तहत 60 दिन का कार्य पूर्ण कर लिया है। जिसमें कुल 20 अभ्यर्थियों ने इस 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान चंद्र प्रकाश जोशी द्वारा धूप-अगरबत्ती निर्माण का तकनीकी ज्ञान दिया गया, जबकि हरीश सती ने सामान्य उद्यमिता विकास के गुर सिखाए।

​क्षेत्र भ्रमण और व्यावहारिक ज्ञान

​प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अभ्यर्थियों को द्वाराहाट स्थित एक सफल धूप-अगरबत्ती यूनिट का भ्रमण (Field Visit) कराया गया। यहाँ प्रतिभागियों ने अगरबत्ती निर्माण की व्यावसायिक बारीकियों और मशीनों के संचालन को करीब से समझा।

प्रमाण पत्र वितरण

​समापन अवसर पर संस्थान के फैकल्टी राजेंद्र सिंह रावत और हरीश सती ने सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर ग्रामीण अब स्वयं का लघु उद्योग शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।