अल्मोड़ा: शिक्षा मंत्री ने ली समीक्षा बैठक, स्कूलों में बिजली, पानी, शौचालय और मरम्मत के दिए निर्देश, भौगोलिक मानचित्र का अनावरण और पुस्तक का विमोचन

अल्मोड़ा: शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, अल्मोड़ा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।

बैठक का आयोजन

जिस पर उन्होंने बिजली, पानी, खेल मैदान, शौचालय एवं फर्नीचर की समस्या वाले विद्यालयों में सुविधाओं के विकास तथा छत टपकने वाले विद्यालयों की मरम्मत के लिए यथाशीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारियों तथा जनपद के खंड शिक्षा अधिकारियों एवं उप शिक्षा अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में शिक्षा मंत्री ने प्रत्येक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।जिस पर उन्होंने 07 अक्टूबर 2026 को समस्त विद्यालयों में गढ़ भोज कार्यक्रम आयोजित करने को भी कहा।

दिए यह निर्देश

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने संस्थान में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। उन्होंने भूगोल प्रवक्ता रमेश सिंह रावत के निर्देशन में भूस्थानिक तकनीक पर आधारित संस्थान के भौगोलिक मानचित्र का अनावरण किया। साथ ही डॉ. दीपा जलाल एवं डॉ. हेम चंद्र जोशी की पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्राचार्य डॉ. रवि मेहता तथा संचालन डॉ. हेम चंद्र जोशी ने किया।

रहें उपस्थित

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल, नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता सहित संबंधित अधिकारी, संस्थान के कार्मिक एवं डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे।