अल्मोड़ा: ‘ऑपरेशन भल छौ’ के तहत बुजुर्गों का हाल जानने उनके घर पहुँची पुलिस, पूछी कुशलक्षेम

अल्मोड़ा: वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा और सहायता के लिए अल्मोड़ा पुलिस का अभियान जारी है। एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन भल छौ” के तहत लमगड़ा पुलिस ने क्षेत्र के बुजुर्गों और पुलिस पेंशनरों से मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम जाना।

​जाना हालचाल

​थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने एकल बुजुर्गों के घर-घर जाकर उनसे संवाद किया। पुलिस ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि वे खुद को अकेला न समझें। उन्हें बीट अधिकारियों और थाने के मोबाइल नंबर के साथ-साथ हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति या अन्य समस्या होने पर उन्हें तत्काल मदद मिल सके।

साइबर फ्रॉड और नए कानूनों पर दी जानकारी

​मुलाकात के दौरान पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को वर्तमान में बढ़ रहे अपराधों के प्रति भी जागरूक किया
डिजिटल अरेस्ट और साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके बताए गए तथा हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।आमजन को नए आपराधिक कानूनों और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से समझाया गया। वर्तमान अभियानों के तहत लोगों को बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार या मजदूर न रखने की सलाह दी गई।

बुजुर्गों ने जताया आभार

​अपने बीच पुलिस को पाकर और सहायता का ठोस आश्वासन सुनकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने पुलिस की इस संवदेनशील पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। प्रशासन के अनुसार, सभी थानों में एकल बुजुर्गों का रजिस्टर तैयार किया गया है ताकि समय-समय पर उनकी निगरानी की जा सके।