अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजिलेभर में आज गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बेहद हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव
इस मौके पर आज हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व पर अल्मोड़ा नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ और भव्य भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमान गढ़ी में अखंड रामायण और भजन-कीर्तन
अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित प्रसिद्ध चौसली-क्वारब हनुमान गढ़ी मंदिर में उत्सव का खास नजारा देखने को मिला। यहाँ सुबह से ही अखंड रामायण का पाठ शुरू हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और सुंदरकांड के पाठ से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने शिरकत की।
नगर के मंदिरों में रहा उत्सव का माहौल
नगर के थाना बाजार स्थित हनुमान मंदिर, त्रिपुरासुंदरी संकटमोचन हनुमान मंदिर और खत्याड़ी हनुमान मंदिर में भी धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रही। यहाँ बजरंग बाण और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ सामूहिक आरती की गई। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रहें उपस्थित
इस मौके पर यहां मेयर अजय वर्मा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, मनोज सिंह पवार, आनंद कनवाल, हिमांशु साह, अरविंद जोशी, अरविंद कनवाल, राजेंद्र सिंह, पवन नगरकोटी, मोहित अधिकारी, भूपाल लटवाल, चंदन सिंह, मदन रावत, सोनू सिंह, अराधना शुक्ला, त्रिलोक लटवाल, पूरन लटवाल, दीप चंद्र जोशी, नरेंद्र बगड़वाल, मनीष तिवारी, गौरव कुमार, सुनील कुमार यादव, बाल कृष्ण डालाकोटी, दीपक तिवारी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।