उत्तराखंड में मौसम का ‘ऑरेंज अलर्ट’: सभी जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार, सतर्क रहने की सलाह

उत्तराखंड: उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम विभाग ने आज रात व मंगलवार, 7 अप्रैल के लिए राज्य में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

बारिश का अलर्ट

विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों में बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित पांच पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मुख्य पांच जिलों के अलावा अन्य पहाड़ी जिलों में भी इसी ऊंचाई पर बर्फबारी दर्ज की जा सकती है। राज्य के शेष 8 जिलों में भी मौसम शुष्क नहीं रहेगा। यहाँ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए लोगों, विशेषकर यात्रियों और ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।