नैनीताल: वीकेंड पर हल्द्वानी-काठगोदाम का ट्रैफिक प्लान बदला, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ें यह नई गाइडलाइन

हल्द्वानी: आप भी इस शनिवार या रविवार (11 और 12 अप्रैल) को नैनीताल या अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।‌ प्रशासन ने वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए नया डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह प्लान 11 अप्रैल और 12 अप्रैल 2026 को सुबह 06:00 बजे से रात 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।

भारी वाहनों पर सख्त पाबंदी

​यात्रा रूट पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
• ​पहाड़ से आने वाले वाहन: इन्हें जनपद की सीमा पर या भीमताल HMT, सलड़ी और अमृतपुर मोड़ जैसे चिन्हित स्थानों पर रोका जाएगा।
• ​मैदान से जाने वाले वाहन: गौलापार क्षेत्र में पुराना RTO फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पीछे रोके जाएंगे।

पर्यटकों के लिए यह रूट प्लान

• ​बरेली रोड से आने वाले: तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से आगे बढ़ेंगे।
• ​रुद्रपुर/पंतनगर से आने वाले: पंतनगर तिराहा से डायवर्ट होकर लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार के रास्ते काठगोदाम पहुंचेंगे।
• ​रामनगर/कालाढूंगी से आने वाले: इन वाहनों को कालाढूंगी नैनीताल तिराहे से मंगोली की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वापसी का रूट प्लान

• ​पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले सभी वाहन नारीमन तिराहा से वाया गौलापार होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।
• ​विशेष निर्देश (12 अप्रैल): रविवार दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से आने वाले वाहनों को रूसी बाईपास और मंगोली के रास्ते कालाढूंगी की ओर भेजा जाएगा।
• ​भीड़ अधिक होने की स्थिति में दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक सब्जी, दूध और ईंधन जैसे आवश्यक सेवाओं वाले भारी वाहनों (LPG को छोड़कर) के आवागमन पर भी रोक रहेगी।