अल्मोड़ा। भारत की जनगणना–2027 का प्रथम चरण शनिवार, 25 अप्रैल से जनपद अल्मोड़ा में आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। आगामी 24 मई तक चलने वाले इस पहले चरण में मकान सूचीकरण और भवन गणना का कार्य किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी।
19 चार्ज क्षेत्रों में तैनात किए गए इतने 373 प्रगणक
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने बताया कि जनपद को कुल 19 चार्ज क्षेत्रों में बांटा गया है (जिसमें 01 नगर निगम अल्मोड़ा और 18 अन्य क्षेत्र शामिल हैं)। फील्ड में डेटा एकत्र करने के लिए 1373 प्रगणक और 252 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इनकी सहायता के लिए 1 मास्टर ट्रेनर और 40 फील्ड ट्रेनर भी नियुक्त हैं। प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से 33 सरल प्रश्न पूछेंगे। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सही और सटीक जानकारी दें ताकि राष्ट्रीय आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके। एडीएम ने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा।
विकास योजनाओं की आधारशिला है जनगणना
एडीएम युक्ता मिश्र के अनुसार, जनगणना केवल सिरों की गिनती नहीं है, बल्कि यह भविष्य की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी योजनाओं का आधार है। आंकड़ों के आधार पर ही आने वाले समय में जिले की विकास नीति तैयार की जाएगी।
मदद के लिए संपर्क करें:
यदि नागरिकों को गणना के दौरान कोई समस्या या जिज्ञासा हो, तो वे भारत की जनगणना–2027 के आधिकारिक टोल फ्री नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।
अल्मोड़ा: जनपद में डिजिटल जनगणना-2027 का आगाज,आपके द्वार पर आएंगे प्रगणक, मकानों की नंबरिंग के साथ पहला चरण शुरू